10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
न्यूज ऐप/पांवटा साहिब
उपमंडल में 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सूरजपुर से पकड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार 28 अगस्त को आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले गया था और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पांवटा साहिब क्षेत्र में लोगों में भारी गुस्सा था और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कुलवंत सिंह कंवर की अगुवाई में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कई जगहों पर छापेमारी कर आरोपी को सूरजपुर से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
