*पांवटा साहिब में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा राणा का भव्य स्वागत, गुरदीप सिंह गेरी ने दिया खिलाड़ियों को हरसंभव मदद का भरोसा*
न्यूज ऐप/पांवटा साहिब
हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली सिरमौर की बेटी, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा राणा के पांवटा साहिब पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। प्रसिद्ध समाजसेवी एवं उद्योगपति गुरदीप सिंह गेरी ने अपनी धर्मपत्नी के साथ पुष्पा राणा को शॉल व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सैनिक समाज के गणमान्य लोग, स्थानीय प्रबुद्धजन और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पुष्पा राणा के स्वागत के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
*खेलों के लिए विशेष लगाव, प्रतिभाओं को देंगे मंच: गेरी*
इस मौके पर गुरदीप सिंह गेरी ने कहा कि उनका हमेशा से प्रयास रहा है कि पांवटा साहिब और जिला सिरमौर खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुए। उन्हें खेलों के प्रति विशेष लगाव है और वे चाहते हैं कि क्षेत्र की छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर, उचित मार्गदर्शन और आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध हो।
उन्होंने कहा, “यदि पांवटा साहिब और सिरमौर के किसी भी खिलाड़ी को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, तो वह बेझिझक उनसे संपर्क कर सकता है। खिलाड़ियों की सहायता के लिए हम हमेशा दो कदम आगे रहने का प्रयास करेंगे। हमारा उद्देश्य है कि संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी की राह में बाधा न बने।”
*नशे के खिलाफ खेल सबसे बड़ा हथियार*
युवाओं को संदेश देते हुए गुरदीप सिंह गेरी ने कहा कि युवा देश का गौरव हैं और युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने होंगे।
“युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए खेल सबसे सशक्त माध्यम हैं। खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और संघर्ष करने की भावना पैदा होती है। यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन मिले तो वे अपने परिवार, क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर सकते हैं,” उन्होंने कहा।
*पुष्पा राणा – सिरमौर की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत*
सिरमौर की बेटी पुष्पा राणा की उपलब्धियों पर खुशी व्यक्त करते हुए गेरी ने कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और कड़े परिश्रम से पूरे हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धियां क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। सिरमौर की हर बेटी पुष्पा राणा की तरह अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ सकती है, लेकिन इसके लिए मेहनत, ईमानदारी, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण बेहद जरूरी है। बेटियों और बेटों दोनों को समान अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए।
अंत में गुरदीप सिंह गेरी ने दोहराया कि पांवटा साहिब और जिला सिरमौर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए वे अपने स्तर पर हरसंभव सहयोग जारी रखेंगे और खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा से अपने खेल पर ध्यान दें।
