खोदरी माजरी में 6 दिवसीय अंडर-14 ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न,डी.एस. ठाकुर ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
न्यूज ऐप/पांवटा साहिब
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खोदरी माजरी में चल रही 6 दिवसीय छात्र एवं छात्राओं की अंडर-14 खोड़ोवाला ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में 18 स्कूलों के करीब 250 बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में शांति प्लेट्स एंड फाउंडेशन कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर डी.एस. ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि मेग्मा दवा उद्योग के एमडी रिकेश शर्मा और सोहन ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि डी.एस. ठाकुर ने अपने संबोधन में बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में हार-जीत लगी रहती है। हारने वाले बच्चों को निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि और अधिक मेहनत कर बेहतर बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को नशे और मोबाइल से दूर रहने, अपने गुरुजनों का आदर करने तथा पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद को भी जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
कबड्डी छात्राओं के फाइनल मुकाबले में राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल श्यामपुर ने मेजबान खोदरी माजरी को 36-15 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। खो-खो में गोरखूवाला की टीम विजेता और अंबोया उपविजेता रही। वॉलीबॉल छात्राओं में किल्लोड़ प्रथम और अंबोया द्वितीय स्थान पर रही। बैडमिंटन छात्राओं में भी किल्लोड़ विजेता और अंबोया उपविजेता रही।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में समूहगान में अंबोया स्कूल प्रथम, भाषण प्रतियोगिता में खोदरी माजरी की अंशिका प्रथम और श्यामपुर की गरिमा द्वितीय स्थान पर रही। लोकनृत्य में खोदरी माजरी की टीम विजेता रही। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के आधार पर ऑलराउंड बेस्ट का खिताब अंबोया स्कूल के नाम रहा।
अंत में मुख्य अतिथि ने सभी विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य मस्तराम चौहान, पंचायत प्रधान कविता ठाकुर, शांति ठाकुर, निर्मला ठाकुर, सोहन सिंह ठाकुर, मुल्तान सिंह, अर्जुन सिंह, रमेश ठाकुर, इंजीनियर विजेंद्र ठाकुर, जवाहर सिंह, भगत सिंह मौजूद थे।
