एनएच-07 पर जर्जर पुल और खतरनाक चौक बन रहे हादसों का कारण, कांग्रेस नेता ने एसडीएम के माध्यम से नितिन गडकरी को भेजा ज्ञापन
न्यूज ऐप/ पांवटा साहिब
पांवटा साहिब को हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-07 की खस्ता हालत को लेकर कांग्रेस ने आवाज उठाई है। जिला कांग्रेस कमेटी सिरमौर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्वनी कुमार शर्मा ने इस संबंध में एसडीएम पांवटा साहिब के माध्यम से नितिन गडकरी को ज्ञापन भेजकर सड़कों की दशा सुधारने की मांग की है।
एसडीएम के माध्यम से नितिन गडकरी को भेजे ज्ञापन में अश्वनी शर्मा ने बताया कि पांवटा साहिब शहर से करीब दो किलोमीटर दूर बाता नदी पर बना पुराना पुल इस बार भारी बरसात के कारण टूट गया है। इस मार्ग पर पहले दो पुल थे, एक पर आने और दूसरे पर जाने की व्यवस्था थी। पुराना पुल टूटने से अब आना-जाना केवल नए पुल से ही हो रहा है।
उन्होंने बताया कि इसी कारण महादेव चौक पातलियों के पास बना डिवाइडर अब हादसे का कारण बन रहा है। पहले जब दो पुल चालू थे तो यह डिवाइडर ठीक था, लेकिन अब एक ही पुल से दोनों तरफ का ट्रैफिक चलने से महादेव चौक पर नाहन और यमुनानगर दोनों तरफ से आने वाले वाहनों को भारी परेशानी हो रही है और हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने मांग की है कि महादेव चौक पर डिवाइडर में सुधार कर दोनों तरफ के वाहनों के लिए सुगम रास्ता बनाया जाए।
इसी तरह एनएच-07 पर मां यमुना नदी पर बने नए पुल के पास एसएएस चौक की स्थिति भी बेहद खतरनाक बनी हुई है। ज्ञापन में कहा गया है कि चौक के दोनों तरफ ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ रखा है। जैसे ही वाहन यमुना पुल पार कर हिमाचल में प्रवेश करते हैं, सड़क की हालत ऐसी लगती है जैसे गाड़ी मौत के कुएं में चल रही हो। एक तरफ नाली बहुत ऊंची बनी है तो दूसरी तरफ सड़क नीची और कच्ची है, जिसमें बड़े-बड़े गड्ढे हैं। इससे गाड़ियां टेढ़ी होकर गुजरती हैं और आए दिन हादसे हो रहे हैं।
अश्वनी शर्मा ने नितिन गडकरी से मांग की है कि जनहित को देखते हुए संबंधित विभाग और ठेकेदार को तुरंत दोनों जगहों पर सड़क और डिवाइडर को ठीक करने के आदेश जारी किए जाएं ताकि किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।
