संगड़ाह की प्राथमिक पाठशाला लगनू में छत का प्लास्टर गिरा, चौथी की छात्रा घायल, सिर में लगे 11 टांके*
अभिभावकों में जर्जर भवनों को लेकर चिंता, शिक्षा विभाग से मांगी रिपोर्ट
न्यूज ऐप/ संगड़ाह
प्रारंभिक शिक्षा खंड संगड़ाह के अंतर्गत प्राथमिक पाठशाला लगनू में स्कूल की छत से अचानक प्लास्टर गिरने से चौथी कक्षा की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा के सिर में 11 टांके लगे हैं। घटना के बाद अभिभावकों में स्कूल भवनों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता है।
जानकारी के अनुसार स्कूल में तैनात अध्यापक मेलाराम शर्मा बरामदे में चौथी कक्षा के बच्चों को पढ़ा रहे थे। इसी दौरान अचानक छत से प्लास्टर का एक बड़ा टुकड़ा गिरकर छात्रा *काव्या* के सिर पर आ गिरा। हादसे में काव्या के सिर में गहरी चोट आ गई और वह लहूलुहान हो गई।
अध्यापक ने तुरंत छात्रा को नजदीकी आयुर्वेदिक औषधालय पहुंचाकर प्राथमिक उपचार करवाया और परिजनों को सूचना दी। छात्रा के पिता कपिल कंठ उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह ले गए। वहां डॉक्टरों ने बच्ची के सिर में 11 टांके लगाए। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे मैडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया है।
अध्यापक मेलाराम शर्मा ने बताया कि जिस जगह कक्षा लग रही थी वहां प्लास्टर गिरने का कोई खतरा नहीं दिख रहा था। उन्होंने कहा कि बरसात में छत में सीलन आ जाती है, लेकिन इस तरह अचानक प्लास्टर गिरेगा, इसका अंदाजा नहीं था।
घटना के बाद क्षेत्र के अभिभावकों में रोष है। उनका कहना है कि क्षेत्र की कई प्राथमिक पाठशालाओं के भवन जर्जर हैं। यदि समय रहते मरम्मत और जांच नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। कुछ अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से भी डर रहे हैं।
खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पूर्ण चंद शर्मा ने बताया कि मानसून से पहले सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए थे कि भवन में खतरा दिखे तो तुरंत सूचना दें और वहां कक्षाएं न लगाएं। शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी से पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि सभी स्कूल भवनों का सुरक्षा ऑडिट करवाकर जल्द मरम्मत करवाई जाए ताकि बच्चों की जान को खतरा न रहे।
