*सिरमौर में बड़ा हादसा: खड्ड में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत*
न्यूज ऐप/पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के निहालगढ़ क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जम्मू खाले में नहाने गए दो मासूम बच्चों की खड्ड में डूबने से मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 9 वर्षीय जाबिर पुत्र अनवर सिंह, मूल निवासी गाजीपुर, उत्तर प्रदेश और 7 वर्षीय सत्यम पुत्र सिकंदर के रूप में हुई है। दोनों अपने परिवार के साथ निहालगढ़ में ही रहते थे।
जानकारी के अनुसार जाबिर और सत्यम रविवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ जम्मू खाले में नहाने गए थे। नहाते-नहाते दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। बच्चों के डूबने के बाद साथ मौजूद दोस्त घबरा गए और चिल्लाने लगे। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
लोगों ने जाबिर को पानी से बाहर निकालकर तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सत्यम घटना के बाद लापता हो गया था। कुछ बच्चों का कहना था कि वह मौके से भाग गया है, जबकि कुछ ने उसके डूबने की आशंका जताई।
सूचना मिलते ही डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सर्च के दौरान पुलिस ने सत्यम का शव भी गहरे पानी से बरामद कर लिया।
डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि दोनों बच्चों की खड्ड में डूबने से मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
