*पांवटा साहिब में 20 लाख की धोखाधड़ी, जमीन बेचने के नाम पर बयाना हड़पा, मामला दर्ज*
न्यूज ऐप/पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में जमीन बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सौरव सेखरी, निवासी गुरु कृपा कोटेज कुफटाधार शिमला व गोविन्द ठाकुर, निवासी न्यू सन्नी मिडोज नवविहार शिमला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत में बताया गया है कि उन्होंने 28-08-2018 को बाला बाली, निवासी भाटांवाली, तहसील पांवटा साहिब से जमीन खरीदी थी।
जमीन के लिए उन्होंने बाला बाली को 20,00,000 रुपये बतौर बयाना नकद के रूप में दिया था। इसको लेकर एक इकरारनामा 28-08-2018 को बनाया गया था। यह इकरारनामा कुल 3,25,00,000 रुपये में तय हुआ था।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बाला बाली और उसके बेटे सुलक्षण बाली की शुरू से ही मिलीभगत थी कि कैसे उनसे 20 लाख रुपये झूठ बोलकर ऐंठ लिए जाएं। उन्होंने इकरारनामा केवल फर्जी दिखावे के लिए बनाया था और शुरू से ही धोखाधड़ी करके पैसा ऐंठना चाहते थे।
आरोप है कि बाला बाली व इसके बेटे सुलक्षण बाली ने यह जमीन जिसकी एवज में उनसे 20 लाख रुपये लिए थे, उनके नाम रजिस्ट्री न करवाकर बाद में किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी और उनकी 20 लाख रुपये की राशि हड़प ली।
बाला बाली ने उनके दिए हुए पैसों को हड़प कर उनके साथ धोखाधड़ी की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
