शिलाई में भाजपा के जनप्रतिनिधि सम्मेलन में गरजे जयराम ठाकुर, कहा – हाटी ने रिश्ता जोड़ लिया है तो पूरी शिद्दत से निभाएंगे

शिलाई में भाजपा के जनप्रतिनिधि सम्मेलन में गरजे जयराम ठाकुर, कहा – हाटी ने रिश्ता जोड़ लिया है तो पूरी शिद्दत से निभाएंगे

*शिलाई में भाजपा के जनप्रतिनिधि सम्मेलन में गरजे जयराम ठाकुर, कहा – हाटी ने रिश्ता जोड़ लिया है तो पूरी शिद्दत से निभाएंगे*

न्यूज ऐप/शिलाई

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन में कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार भले ही कांग्रेस की है, लेकिन जनता के जेहन में आज भी भाजपा कार्यकाल की विकास योजनाएं ही बसी हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार ने साढ़े तीन साल में कोई नई योजना नहीं बनाई, तो जनता क्या याद रखेगी। हम सत्ता में हैं या नहीं, यह महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि लोगों के दिलों में रहना बड़ी बात है। हाटी समुदाय का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि *”हाटी ने रिश्ता जोड़ लिया है तो हम भी पूरी शिद्दत के साथ निभाएंगे।”*

उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार काम करने के लिए नहीं, बल्कि बदले की भावना से विकास कार्यों को बंद करने के लिए जानी जा रही है। सरकार ने बजट प्रावधान और जनता की मांग पर खोले गए लगभग ढाई हजार शैक्षणिक व प्रशासनिक संस्थानों पर ताले लटका दिए।

पंचायतीराज चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू भाजपा के गुट गिनते रह गए, जबकि भाजपा ने 80 प्रतिशत जनप्रतिनिधियों को जिताया और 11 में से 10 जिला परिषदों व तीन नगर निगमों पर जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि हार के बाद कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री की क्लास ली, जिसमें सुक्खू ने मंत्रियों पर और मंत्रियों ने मुख्यमंत्री पर हार का ठीकरा फोड़ा।

उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार और झूठी गारंटियों के आरोप भी लगाए। किशाऊ परियोजना पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना छह राज्यों की सहमति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्तक्षेप से पूरी हुई है, लेकिन सुक्खू सरकार बेवजह श्रेय ले रही है।

कर्ज के आंकड़े पेश करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि उनके पूरे कार्यकाल में 19,600 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था, जिससे विकास कार्य हुए, जबकि सुक्खू सरकार ने साढ़े तीन साल में ही 50,000 करोड़ का नया ऋण लेकर प्रदेश का कुल कर्ज 69,600 करोड़ से बढ़ाकर 1 लाख 20 हजार करोड़ रुपये कर दिया, फिर भी जमीन पर विकास नहीं दिख रहा।

हाटी समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने ट्राइबल दर्जे को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि पूर्व विधायक बलदेव तोमर की मेहनत बेकार नहीं जाएगी। “हाटी का मामा जयराम ठाकुर” के नारों के बीच उन्होंने कहा कि हम ठेठ पहाड़ी हैं और जो रिश्ता दिल से जोड़ते हैं, उसे जी-जान से निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रदेश प्रवक्ता दिवंगत विनय गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, जिला परिषद अध्यक्ष शिवानी वर्मा, उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी सहित कई नेता मौजूद रहे।

Related posts

Leave a Comment