उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सतौन में सुनी जन समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
न्यूज ऐप/पांवटा साहिब
शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सतौन लोक निर्माण विश्राम गृह में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने मंत्री के समक्ष अपनी सामूहिक और व्यक्तिगत समस्याएं रखीं। क्षेत्रवासियों ने मुख्य रूप से सड़कों की खस्ता हालत, पेयजल समस्या, स्वास्थ्य सुविधाओं में कमी, बिजली की आंख-मिचौली और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जन समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और शिलाई जैसे दूरदराज क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सतौन क्षेत्र में सड़क, पानी और स्वास्थ्य से जुड़ी जो भी सामूहिक समस्याएं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। वहीं व्यक्तिगत समस्याओं का भी नियमानुसार शीघ्र निपटारा किया जाएगा।
