*शिलाई में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी ब्रेजा, पिता-पुत्र की मौत, 10 साल की बेटी सुरक्षित*
न्यूज ऐप/ शिलाई
जिला सिरमौर के शिलाई उपमंडल के कांडो-भटनोल मार्ग पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। एक मारुति ब्रेजा कार नंबर *HP85-0365* अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पिता और उसके 8 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय बेटी सुरक्षित बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना शिलाई को सूचना मिली थी कि कांडो-भटनोल में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही थाना शिलाई की पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि कार में तीन लोग सवार थे।
मृतकों की पहचान *सोहन सिंह (40 वर्ष) पुत्र श्री हीरा सिंह निवासी गांव कमोटा, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर* और उसके पुत्र *शिवांशु ठाकुर (उम्र करीब 8 वर्ष)* के रूप में हुई है। दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
वहीं कार में सवार एक अन्य बच्ची *अन्वी ठाकुर (उम्र करीब 10 वर्ष) पुत्री सोहन सिंह* हादसे के बाद मौके पर नहीं मिली। इस पर पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने अंधेरे में ही बच्ची की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर बच्ची सुरक्षित हालत में बरामद हुई। बच्ची को हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल शिलाई भेज दिया है।
थाना प्रभारी शिलाई ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया गाड़ी के अनियंत्रित होने से हादसा होना माना जा रहा है। इस संबंध में थाना शिलाई में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
