पांवटा साहिब में स्वाइन फ्लू की दस्तक, सिविल अस्पताल में चार मरीज भर्ती
न्यूज ऐप/पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में चार मरीजों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आये है। रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने चारों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर उनका उपचार शुरू कर दिया है। एक साथ चार मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पिछले चार दिनों के भीतर अलग-अलग क्षेत्रों से चार व्यक्ति बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के साथ सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में भर्ती हुए थे। मरीजों में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखने पर चिकित्सकों ने एहतियातन उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। जांच रिपोर्ट में चारों मरीज की पोजिटिव पाए गए हैं।
रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल प्रशासन तुरंत हरकत में आया और चारों मरीजों को आम वार्ड से निकालकर अलग आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है, ताकि संक्रमण अन्य मरीजों में न फैले। अस्पताल में सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं और स्टाफ को भी मास्क व सुरक्षा निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के प्रभारी एवी राघव ने बताया कि जांच के दौरान चार लोगों में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए थे। टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद चारों मरीजों को अलग वार्ड में शिफ्ट कर उनका सही उपचार किया जा रहा है। सभी की हालत स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, बल्कि सावधानी बरतें। भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क का प्रयोग करें, हाथ बार-बार धोएं और बुखार, खांसी, जुकाम के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करें।
