*गोंदपुर औद्योगिक क्षेत्र में वन भूमि पर कथित कब्जे का आरोप, जांच की मांग*
_कार्रवाई न हुई तो मुख्यमंत्री से करेंगे शिकायत – प्रदीप चौहान_
न्यूज ऐप
पांवटा साहिब। गोंदपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक औद्योगिक इकाई पर वन भूमि पर कथित कब्जे का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने पांवटा साहिब के वन मंडल अधिकारी DFO को लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गोंदपुर औद्योगिक क्षेत्र में उक्त इकाई द्वारा पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से वन भूमि के एक हिस्से पर कब्जा किया हुआ है। शिकायतकर्ता ने 500 KVA क्षमता के DG सेट और स्क्रैप यार्ड से जुड़ी गतिविधियों को भी वन भूमि पर संचालित किए जाने का आरोप लगाया है।
शिकायत देने के दौरान श्रमिक नेता प्रदीप चौहान भी मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में चौहान ने कहा कि `हमें वन विभाग पर पूरा विश्वास है। हम उम्मीद करते हैं कि विभाग इस शिकायत पर निष्पक्ष जांच करेगा और जो भी सच्चाई सामने आएगी उसके आधार पर कार्रवाई होगी।`
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि `यदि वन विभाग द्वारा समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई तो हम इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों के पास जाएंगे और जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री के दरबार तक भी जाएंगे।`
प्रदीप चौहान ने कहा कि मामला सीधे तौर पर वन भूमि से जुड़ा है, इसलिए इसकी जांच बेहद जरूरी है। `मौके की निशानदेही करवाकर राजस्व और वन विभाग के रिकॉर्ड को खंगाला जाए, ताकि जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और विभाग दोनों की जिम्मेदारी है।`
DFO कार्यालय में शिकायत जमा होने की रसीद भी शिकायतकर्ता को दी गई है। अब वन विभाग की रिपोर्ट और आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और नियमानुसार जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मौके का निरीक्षण और रिकॉर्ड जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
